
महराजगंज। जिले में करीब 4 लाख 96 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगभग 10,500 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। विभाग के अनुसार, कई ट्रांसफार्मरों पर उनकी निर्धारित क्षमता से अधिक कनेक्शन हैं। इसके अलावा कई उपभोक्ता स्वीकृत कनेक्शन लोड से अधिक बिजली की खपत कर रहे हैं। इससे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार बढ़ गया है और कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की समस्या सामने आ रही है।
ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की पहचान के लिए अवर अभियंताओं के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीमों ने फीडरवार सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे के दौरान ट्रांसफार्मरों पर कनेक्शन की संख्या, स्वीकृत लोड और वास्तविक बिजली खपत समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
विभाग का कहना है कि सर्वे पूरा होने के बाद तैयार रिपोर्ट के आधार पर अधिक भार वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
बिजली विभाग पहले चरण में जिले के 11 नगर निकायों में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि करेगा। इनमें नगर पालिका परिषद महराजगंज, सिसवा और नौतनवां के साथ नगर पंचायत निचलौल, घुघली, परतावल, पनियरा, फरेंदा, चौक बाजार, बृजमनगंज और सोनौली शामिल हैं।
पहले चरण का काम पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोड चल रहे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बिजली विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं को अपने स्वीकृत कनेक्शन लोड के अनुरूप ही बिजली की खपत करनी चाहिए। यदि किसी उपभोक्ता को अधिक बिजली की आवश्यकता है तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन देकर कनेक्शन का लोड बढ़वाना होता है।
विभाग अब ऐसे उपभोक्ताओं की भी जांच करेगा, जो लंबे समय से स्वीकृत क्षमता से अधिक बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। जांच के दौरान जरूरत के अनुसार उपभोक्ताओं का कनेक्शन लोड बढ़ाया जाएगा। विभागीय कार्रवाई का विरोध करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल महराजगंज, इंजी. राकेश मोहन ने बताया कि जिले में ओवरलोड चल रहे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर अक्टूबर में क्षमतावृद्धि का काम शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत कनेक्शन क्षमता से अधिक बिजली खपत कर रहे उपभोक्ताओं के कनेक्शन लोड को भी नियमानुसार बढ़ाया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।