महराजगंज। जिले की नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर 9 में जलनिकासी की समस्या दूर करने के लिए 23 लाख रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने भूमि पूजन कर नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
नाली बनने से वार्ड के लोगों को बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानी भी कम होगी। स्थानीय स्तर पर जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था होने से वार्ड के निवासियों को काफी सहूलियत मिलने की संभावना है।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर के विकास कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। निर्माण कार्य में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नाली का निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में सभासद प्रद्युम्न सिंह, शिवप्रसाद चौरसिया, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, विनोद तिवारी, अनिल मणि, राजन चौरसिया, सनी रैना, तौलन चौरसिया सहित वार्ड के कई नागरिक मौजूद रहे।