रेलवे ट्रैक पर मिला 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

    16-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। सिसवा बाजार और घुघली के बीच गुरुवार देर शाम रेलवे ट्रैक पर करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मटियरिया गांव के सामने शव मिलने की सूचना पर कोठीभार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।


ट्रेन चालक ने स्टेशन अधीक्षक को दी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे ट्रेन के चालक ने सिसवा स्टेशन अधीक्षक को रेलखंड पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी। रेलवे प्रशासन से जानकारी मिलने के बाद कोठीभार थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर किनारे कराया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्काल कोई सफलता नहीं मिली।


मौत के कारणों का नहीं चला पता

रेलवे ट्रैक पर युवक का शव किन परिस्थितियों में मिला और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


शव की शिनाख्त में जुटी पुलिस

कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम से संबंधित कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की पहचान होने के बाद घटना से संबंधित अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।