
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बेलवा टीकर गांव में गैस सिलिंडर और टुल्लू पंप चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में गांव के ही विजय साहनी उर्फ बाढू को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
यशोदा देवी ने दर्ज कराया था मुकदमा
बेलवा टीकर निवासी यशोदा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 14 अक्टूबर की रात उनके घर से गैस सिलिंडर और टुल्लू पंप चोरी हो गया था। उन्होंने गांव के विजय साहनी उर्फ बाढू पर चोरी का आरोप लगाया था। पीड़िता के मुताबिक, गांव के दो लोगों ने आरोपी को रात में सामान ले जाते हुए देखा था।
प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी मिलने के बाद यशोदा देवी ने आरोपी के घर जाकर चोरी हुए सामान के संबंध में पूछताछ की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पीड़िता ने घुघली थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
नहर रोड के पास से हुई गिरफ्तारी
रविवार को घुघली पुलिस ने बेलवा टीकर नहर रोड के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी का गैस सिलिंडर और टुल्लू पंप बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि चोरी के सामान की बरामदगी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।