सोनबरसा में मिशन शक्ति टीम ने लगाई ग्राम चौपाल, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

    19-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कोठीभार पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम सोनबरसा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।


महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

ग्राम चौपाल के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी तरह की समस्या होने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने और पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।


गुड टच-बैड टच और पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता

कार्यक्रम में बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया गया। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर और पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। टीम ने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में भरोसेमंद व्यक्ति या संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने की अपील की।


बाल विवाह और घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने की अपील

मिशन शक्ति टीम ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में चुप न रहें और बिना किसी डर के पुलिस तथा संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करें।


ग्राम सोनबरसा में आयोजित इस चौपाल में उपनिरीक्षक नेहा कुमारी, उपनिरीक्षक योगेंद्र तिवारी, महिला कांस्टेबल मानसी वर्मा, महिला कांस्टेबल संगीता और कांस्टेबल विकास कुमार सहित मिशन शक्ति टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना रहा।




रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।