
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारियों के कारण उन्हें अक्सर जिले से बाहर रहना पड़ता है। इसके बावजूद क्षेत्र की जनता से जुड़े रहना और उनकी समस्याओं को सुनना जरूरी है। इसी उद्देश्य से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई की शुरुआत की गई है।
पंकज चौधरी ने बताया कि अब हर शनिवार सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस व्यवस्था से जिले से बाहर रहने के दौरान भी क्षेत्र के लोगों से संपर्क बना रहेगा और उनकी समस्याएं अधिकारियों तक पहुंच सकेंगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई की व्यवस्था सानन्दन पटेल ने कराई। शुक्रवार को हुई जनसुनवाई में मंत्री प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, डॉ. शांतिशरण मिश्रा, जनार्दन पटेल, राधेश्याम कन्नौजिया, मेवालाल, विजय गौड़, अशोक पटेल और लालजी गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं सीधे मंत्री तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।