
महराजगंज। शहर के सक्सेना नगर में पुराने अस्पताल के पीछे बलिया नाले पर करीब 40 लाख रुपये की लागत से लोहे का पुल बनाया जा रहा है। इस पुल के बनने से अमरुतिया की ओर से आने वाले लोगों को शहर में प्रवेश करने के लिए एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इससे मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की देखरेख में पुल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्र ने बताया कि पुल की लंबाई करीब 60 फीट और चौड़ाई आठ फीट होगी।
इस पुल से पैदल यात्री, मोटरसाइकिल और टेंपो गुजर सकेंगे। हालांकि, बड़ी गाड़ियों के आवागमन पर रोक रहेगी। पुल बनने से आसपास के गांवों से महराजगंज शहर आने वाले लोगों को राहत मिलेगी और उनका समय भी बचेगा। महराजगंज शहर में बाईपास नहीं होने के कारण मुख्य मार्गों पर अक्सर जाम लग जाता है।खासकर स्कूलों की छुट्टी के समय सड़कों पर वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में बलिया नाले पर बन रहा यह पुल लोगों के लिए एक वैकल्पिक रास्ता बनेगा। पुल के निर्माण से स्थानीय लोगों में खुशी है। गड्डू, अशोक, कृष्णा और मोहन समेत कई नगरवासियों ने उम्मीद जताई कि पुल बनने से आने-जाने में सुविधा होगी और जाम की समस्या कम होगी।