नौतनवा के मंदिर से सीता माता का चांदी का मुकुट चोरी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

    28-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। नौतनवा कस्बे के बाल्मीकि नगर स्थित श्री राम जानकी मरचाहे बाबा कुटी मंदिर से बुधवार की सुबह सीता माता की मूर्ति का चांदी का मुकुट चोरी हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


मंदिर के पुजारी रामनाथ दास के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे वह मंदिर में मौजूद थे। उस समय मंदिर का गेट खुला हुआ था। इसी दौरान वह परिसर में स्थित समय माता मंदिर की तरफ चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे, तो सीता माता की मूर्ति से चांदी का मुकुट गायब मिला। यह देखकर वह हैरान रह गए। मुकुट चोरी होने की खबर फैलते ही आसपास के मोहल्ले के लोग मंदिर में जुटने लगे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की और मंदिर में आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है।


मंदिर के पुजारी रामनाथ दास ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और चोरी की घटना का खुलासा करने में जुटी हुई है। नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मंदिर से मुकुट चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।




आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।