यूपी बोर्ड परीक्षा: जिले में 99 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित, 70,344 छात्र देंगे परीक्षा

    28-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए कुल 70,344 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। बोर्ड की ओर से परीक्षा कराने के लिए 99 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों की सूची जारी होने के बाद अब 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई हैं।

इस बार जिले में हाईस्कूल की परीक्षा में 38,649 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में 31,695 परीक्षार्थी बैठेंगे। इस तरह दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 70,344 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।


यूपी बोर्ड ने सोमवार को प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है। सूची जारी होने के बाद किसी स्कूल या अन्य संबंधित पक्ष को केंद्र को लेकर कोई शिकायत है, तो वह निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्तियां मिलने के बाद उनकी जांच की जाएगी। इसके बाद जिला स्तरीय समिति अंतिम परीक्षा केंद्रों की सूची तय करके बोर्ड को भेजेगी। प्रस्तावित केंद्रों की सूची जारी होने के अगले ही दिन मंगलवार को आपत्तियां आनी शुरू हो गईं। नौतनवा के एक परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य ने शिकायत की कि उनके केंद्र पर क्षमता से ज्यादा विद्यार्थियों को आवंटित कर दिया गया है।


प्रधानाचार्य के मुताबिक, केंद्र पर पर्याप्त संख्या में डेस्क-बेंच भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सभी विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था करना मुश्किल हो सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक के मुताबिक, इस बार परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव दूरी, परीक्षार्थियों की संख्या और स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पिछले सत्र में जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 104 केंद्र बनाए गए थे, जबकि इस बार 99 केंद्र प्रस्तावित हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं इस बार 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी। यानी परीक्षा कार्यक्रम करीब 19 दिनों का रहेगा। फिलहाल 99 केंद्रों की सूची प्रस्तावित है। आपत्तियों के निस्तारण और जांच के बाद ही अंतिम परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होगी।






आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।