जीवित्पुत्रिका व्रत पर छितौनी घाट में हादसा, नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत

    03-Oct-2026   
Total Views |


सिसवा बाजार/महराजगंज।
कोठीभार थाना क्षेत्र के छितौनी घाट पर शनिवार को जीवित्पुत्रिका व्रत के अवसर पर स्नान करने गए करीब 14 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया किशोर

मिली जानकारी के अनुसार, खेसरारी के आजाद नगर वार्ड नंबर-5 निवासी बबलू सिंह का पुत्र कृष्णा अपनी मां के साथ छितौनी घाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला। 

परिजन किशोर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।