
महराजगंज। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के तहत ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक किया गया। 30 अक्टूबर को वाहिनी मुख्यालय और सभी समवायों के कार्यक्षेत्र में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों के बीच सतर्कता जागरूकता से संबंधित बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए गए। इनके माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों और इसे समाप्त करने के लिए जनभागीदारी की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान लोगों को भ्रष्टाचार उन्मूलन, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही दैनिक जीवन में सत्यनिष्ठा, नैतिकता और ईमानदारी अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
एसएसबी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया गया। लोगों से जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। इसके साथ ही ग्रामीणों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन में ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।