
महराजगंज। बृजमनगंज के विजयसलहिया थाना क्षेत्र में सोमवार को दोपहर बड़े दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 2 लोगों की मौत हो गई। विजयसलहिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना तेज था कि दोनों बाइक सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:25 बजे विजयसलहिया के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही बृजमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। हालाँकि मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर सूचना भेजकर दोनों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
वहीं, बृजमनगंज थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि दोनों अज्ञात शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।