
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान की मौत से हड़कंप मच गया। 66वीं वाहिनी की खनुआ बीओपी पर तैनात जवान मनजीत कुमार ने शनिवार देर रात अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना के समय वह ड्यूटी पर तैनात था।
मृतक जवान मनजीत कुमार बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसबी के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर मनजीत कुमार खनुआ बीओपी पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद जवान मौके पर पहुंचे। वहां मनजीत खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला।
इसके बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही एसएसबी के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जवान के परिवार वालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि मनजीत कुमार के बड़े भाई की करीब ढाई महीने पहले मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जवान बीते 3 अक्टूबर को छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। बताया जा रहा है कि छुट्टी से लौटने के बाद भी उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिलहाल जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और एसएसबी के अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।