
महराजगंज। जिले के निचलौल विकासखंड के दुर्गवलिया गांव के रहने वाले अजय कुमार विश्वकर्मा ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी कामयाबी हासिल की है। उनका चयन भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) के पद पर हुआ है। उन्हें बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) में सिविल इंजीनियरिंग के लिए सूबेदार के पद पर चुना गया है।
अजय की इस सफलता से उनके परिवार के साथ पूरे गांव और निचलौल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। अजय कुमार विश्वकर्मा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बापू शताब्दी इंटर कॉलेज, जहदा से की। यहां से उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा पास की। इसके बाद राजकीय पॉलिटेक्निक गोरखपुर से डिप्लोमा किया और फिर मेरठ से बीटेक की डिग्री हासिल की।
लगातार मेहनत और पढ़ाई के दम पर अजय ने यह मुकाम हासिल किया है। अब वह भारतीय सेना के तहत BRO में सिविल इंजीनियरिंग से जुड़ी जिम्मेदारी निभाएंगे।
अपनी इस कामयाबी पर अजय ने माता-पिता, दादा, बहन, बड़े पापा प्रभु विश्वकर्मा, मोहन, मदन, गुरुजनों और दोस्तों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और बड़ों के मार्गदर्शन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना संभव नहीं था।
अजय के सेना में चयन की खबर मिलते ही दुर्गवलिया गांव और निचलौल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय की सफलता से क्षेत्र के दूसरे युवाओं को भी सेना में जाने और उच्च शिक्षा हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। अजय ने अपनी मेहनत से साबित कर दिया कि मजबूत इरादे और लगातार प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।