
महराजगंज। जिले के घुघली थाना क्षेत्र के धनगड़ी मुंडेरी गांव में मंगलवार को खेत में एक नवजात शिशु मिलने से हड़कंप मच गया। गांव में विनय शर्मा के मकान के पीछे स्थित खेत में नवजात के मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
खेत में नवजात को देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। इसके बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, लोगों ने देर किए बिना मानवीयता दिखाते हुए नवजात को खेत से उठाया और आरोग्य मंदिर लेकर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। नवजात मिलने की सूचना पर घुघली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात को अपने संरक्षण में लिया और अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस की ओर से नवजात की सुरक्षा और देखभाल के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
घटना के बाद गांव में नवजात को खेत में छोड़ने को लेकर चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि नवजात को वहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया था। इस मामले में थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार चाइल्डलाइन को सौंपने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। पुलिस मामले से जुड़ी जरूरी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल नवजात की देखभाल डॉक्टरों की निगरानी में की जा रही है।