महराजगंज: जब्त पटाखों के बंटवारे को लेकर पुलिसकर्मियों में विवाद, हेड कांस्टेबल ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश

    10-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज जिले के निचलौल थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने दीपावली की रात जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि थाने में जब्त किए गए पटाखों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।


मिली जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल विशाल सिंह रविवार देर रात थाने के परिसर में बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए महराजगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना से पहले विशाल सिंह ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर एक कथित सुसाइड नोट भी लगाया था। इसमें उन्होंने निचलौल थाने के थानाध्यक्ष योगेंद्र राय और कुछ अन्य पुलिसकर्मियों पर जब्त पटाखों के बंटवारे को लेकर परेशान करने और अपमानित करने का आरोप लगाया।


कथित सुसाइड नोट में विशाल सिंह ने दावा किया कि जब्त पटाखों में से करीब 40 प्रतिशत पहले ही निकाल लिए गए थे। बाकी पटाखों में से कुछ कथित तौर पर दबाव बनाकर कौसमान अली को दे दिए गए। इसके बाद पटाखों की चोरी का आरोप उन्हीं पर लगा दिया गया, जिससे वह काफी परेशान थे। विशाल सिंह ने अपने कथित सुसाइड नोट में थानाध्यक्ष योगेंद्र राय के अलावा कांस्टेबल मनीष सिंह, आनंद सिंह, विधायक प्रेम सागर पटेल, विशाल यादव, भोलू यादव और आलोक शर्मा के नाम भी लिखे हैं।


उन्होंने यह भी दावा किया कि विशाल शर्मा नाम के एक पुलिसकर्मी ने पटाखों के कथित बंटवारे का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था। इस मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल मानसिक तनाव में थे। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही विवाद और लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल हेड कांस्टेबल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।