
महराजगंज। जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पंचमुखी चौराहे पर दीपावली के मौके पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा और मारपीट होती रही, लेकिन मौके पर पुलिस समय से नहीं पहुंची।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल सिंदुरिया थाने और पुलिस पिकेट से कुछ ही कदमों की दूरी पर है। इसके बावजूद घंटों तक मारपीट चलती रही। चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, लेकिन इसके बाद भी विवाद नहीं रुका। मामला जब पुलिस अधीक्षक (एसपी) तक पहुंचा, तब पुलिस हरकत में आई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कई लोगों को हिरासत में लिया।
इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब थाने और पुलिस पिकेट के पास ही इस तरह की घटना हो सकती है, तो बाकी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का क्या हाल होगा? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।