
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। इसी कड़ी में पूर्व आईपीएस अधिकारी एम. नागेश्वर राव की पार्टी 'सर्वजन सनातन पार्टी' ने भी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करते हुए संभावित उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
हैदराबाद में रहने वाले सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एम. नागेश्वर राव करीब एक महीने पहले काशी में गंगा तट पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए थे। अब उन्होंने उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया का पहला चरण शुरू करने का ऐलान किया है।
एम. नागेश्वर राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इच्छुक लोग ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल आवेदन प्रक्रिया शुरुआती छंटनी के लिए है। पहले चरण में उपयुक्त पाए जाने वाले लोगों से दूसरे चरण में विस्तृत जानकारी और जरूरी दस्तावेज मांगे जाएंगे।
पार्टी की ओर से आवेदन करने वाले लोगों के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी तय की गई हैं।
आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए।
उसका नाम उत्तर प्रदेश के किसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए।
नामांकन पत्रों की जांच की तारीख तक उम्र कम से कम 25 साल होनी चाहिए।
उम्मीदवार को पार्टी की विचारधारा, उद्देश्यों और नीतियों पर विश्वास होना चाहिए।
पार्टी के सिद्धांतों के अनुसार काम करने की प्रतिबद्धता होनी चाहिए।
आवेदन करने से नहीं मिलेगा टिकट का अधिकार
एम. नागेश्वर राव ने अपनी पोस्ट में यह भी साफ किया है कि सिर्फ आवेदन करने से किसी को पार्टी का उम्मीदवार या टिकट मिलने की गारंटी नहीं होगी। आवेदन के आधार पर पहले छंटनी की जाएगी और अंतिम फैसला पार्टी का अधिकृत नेतृत्व ही करेगा।
अब देखना होगा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में सर्वजन सनातन पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में कितनी मजबूत चुनौती पेश कर पाती है।