
महराजगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर महराजगंज शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पूजा की शुरुआत हो गई है। छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा के लिए शहर के घाटों को सजाया जा रहा है। नगर पालिका क्षेत्र के सभी 19 छठ घाटों की साफ-सफाई पूरी करा ली गई है। अब घाटों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाने और तोरणद्वार बनाने का काम तेजी से चल रहा है।
छठ पूजा को देखते हुए नगर पालिका परिषद महराजगंज ने घाटों की साफ-सफाई और सजावट के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सभी 19 घाटों की सफाई के साथ छठी मैया की वेदियों का रंग-रोगन भी कराया गया है। घाटों को आकर्षक बनाने के लिए बिजली की रंग-बिरंगी लड़ियां लगाई जा रही हैं। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल और अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्र लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उनके निर्देश पर घाटों को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।
शहर का बलिया नाला छठ घाट इस बार खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां छठी मैया की सुंदर वेदी तैयार की गई है। इसके अलावा अमरुतिया, उद्योग चौराहा और मऊपाकड़ के घाटों को भी सजाया जा रहा है।
व्रती महिलाओं के लिए बनाए जा रहे तोरणद्वार
छठ व्रत रखने वाली महिलाओं और उनके परिवारों को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए रास्तों पर आकर्षक तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं। घाटों पर बैठने और पूजा करने की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
नगर पालिका प्रशासन की कोशिश है कि व्रती महिलाओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और सभी लोग शांतिपूर्ण माहौल में सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकें। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 19 छठ घाट हैं। इनमें बलिया नाला छठ घाट, अमरुतिया, अमरुतिया स्कूल, पासी टोला, मऊपाकड़, जिला उद्योग, चौपरिया, चिऊरहा, धनेवा-धनेई, सुकठिया, कुटिया टोला, बैजौली टोला, पिपरा बाबू, गांधी नगर, कांशीराम आवास पोखरा, तरकुलवा और महुअहवा स्कूल के पास स्थित घाट शामिल हैं। इन सभी घाटों की सफाई पूरी हो चुकी है और सजावट का काम अंतिम चरण में है।
छठ पूजा की खरीदारी से बाजारों में बढ़ी रौनक
छठ महापर्व को लेकर महराजगंज के बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा का सामान खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों की भीड़ पहुंच रही है। सक्सेना चौराहा, हनुमानगढ़ी, राम-जानकी मंदिर, मऊपाकड़, चौक रोड, उद्योग चौराहा और टेढ़ा कुटिया समेत कई जगहों पर पूजा सामग्री की दुकानें सज गई हैं। बाजार में बांस की टोकरी, सूप, डलिया और पूजा में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामानों की खूब बिक्री हो रही है। दुकानदारों ने भी छठ पूजा को देखते हुए सामान का इंतजाम किया है।
छठ पूजा की तैयारियों के बीच नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने शहर में दो विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया। पहला काम विस्मिल नगर वार्ड में अजहर के मकान से महालक्ष्मी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान तक नाला निर्माण का है। इससे इलाके में पानी की निकासी बेहतर होने और जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। वहीं, दूसरा काम आजाद नगर में नहर से सोलहू और मुन्नीलाल के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का है।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इन विकास कार्यों का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं देना है। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्र, सभासद बृजेंद्र पटेल, लालजी गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने बताया कि नगर के सभी 19 छठ घाटों की सफाई कराई जा चुकी है। छठी मैया की वेदियों का रंग-रोगन भी पूरा हो गया है और घाटों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्रती महिलाओं के बैठने और पूजा-पाठ के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है, ताकि छठ महापर्व के दौरान किसी को परेशानी न हो।