
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अभय बहादुर श्रीवास्तव ने कहा कि शासन और महानिदेशालय की अनदेखी के कारण फार्मासिस्ट संवर्ग की कई वित्तीय और गैर वित्तीय मांगें सालों से लंबित हैं। कई बार आश्वासन मिलने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे फार्मासिस्टों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि मांगों पर जल्द फैसला नहीं होने पर प्रदेश संगठन के आह्वान पर 20 नवंबर को प्रदेशभर के फार्मासिस्ट लखनऊ पहुंचकर आंदोलन करेंगे।
संगठन के जिलामंत्री सतीश चंद पटेल ने कहा कि शासन की ओर से फार्मासिस्ट संवर्ग के पदनाम बदलने, वरिष्ठता सूची जारी करने और उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन अभी तक इन मांगों पर काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी और चीफ फार्मासिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी करने की मांग शामिल है। इसके अलावा विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी का पदनाम बदलकर सहायक निदेशक फार्मेसी करने की मांग भी उठाई गई है।
इन सभी मांगों को शामिल करते हुए 18 सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेजा गया है। धरना-प्रदर्शन में चीफ फार्मासिस्ट संतोष श्रीवास्तव, संजय उपाध्याय, बैजनाथ यादव, रमेश यादव, विजय प्रताप सिंह, जहीर अहमद, अभिमन्यु नायक, दीनानाथ पटवा, मनोज शर्मा, साकेत बिहारी सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, चंद्रभूषण शुक्ला और राजेश समेत कई फार्मासिस्ट मौजूद रहे।