
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने बिजनौर के अफजलगढ़ में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर रोजगार, शिक्षा, महिला सुरक्षा, महंगाई और किसानों के मुद्दे को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लोगों से मायावती को फिर से उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की।
जनसभा में आकाश आनंद ने बिजनौर के गन्ना किसानों की समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिजनौर गन्ना, चीनी और गुड़ उत्पादन में प्रदेश के प्रमुख जिलों में शामिल है, लेकिन किसानों को अपनी फसल का पैसा पाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो किसान देश का पेट भरते हैं, उन्हें अपने ही पैसे के लिए चीनी मिलों के सामने हाथ क्यों फैलाना पड़ता है? उन्होंने सरकार से किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा गंभीरता से उठाने की बात कही।
विज्ञापनों पर 7 हजार करोड़ खर्च करने का लगाया आरोप
आकाश आनंद ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में सरकार ने विज्ञापनों पर करीब 7 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रचार पर इतना पैसा खर्च कर रही है, लेकिन युवाओं को रोजगार देने और सरकारी विभागों में खाली पद भरने के मामले में पीछे है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 13 लाख सरकारी पद खाली हैं। इसके साथ ही उन्होंने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों को लेकर भी सरकार से सवाल किए। बीएसपी नेता ने शिक्षा और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने झांसी में बच्चों से जुड़ी अस्पताल की घटना का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और सरकारी स्कूलों की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। उनके मुताबिक, सरकार को विज्ञापनों के बजाय शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर सरकार पर तंज
आकाश आनंद ने प्रदेश में बन रहे एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई एक्सप्रेसवे बनने के कुछ महीनों बाद ही खराब होने लगे और सड़कों पर गड्ढे दिखाई देने लगे। उन्होंने नोएडा-आगरा एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि उसकी गुणवत्ता आज भी बनी हुई है। इसी दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नकल करने के लिए भी अक्ल की जरूरत होती है। जनसभा के दौरान आकाश आनंद ने बीजेपी के साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों के पास भी जनता को बताने के लिए कोई खास उपलब्धि नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल भी शिक्षा, रोजगार और युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं कर पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भी छात्रों के मुद्दों पर बीजेपी सरकार से अलग नजर नहीं आते।
अपने संबोधन के आखिर में आकाश आनंद ने लोगों से बीएसपी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मायावती को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीएसपी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। जनसभा के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील भी की। इस जनसभा के जरिए आकाश आनंद ने साफ किया कि बीएसपी आगामी विधानसभा चुनाव में किसानों, युवाओं, रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।