गोरखपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस के रेक से टकराया इंजन, रेलवे में मची हलचल, बाल-बाल टला बड़ा हादसा

    14-Nov-2026   
Total Views |

गोरखपुर। गोरखपुर से लखनऊ होते हुए प्रयागराज जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के रेक से गुरुवार सुबह एक इंजन टकरा गया। बताया जा रहा है कि इंजन वंदे भारत के रेक के किनारे से रगड़ता हुआ आगे निकल गया। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों में हलचल मच गई। वंदे भारत के रेक को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर खड़ा कराया गया। जांच में सब कुछ सामान्य पाए जाने के बाद ट्रेन को तय समय पर लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया।


मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस के रेक को पिट से निकालकर प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा था। इसी दौरान एक दूसरा इंजन कोचीन एक्सप्रेस की रेक लेने के लिए जा रहा था। बताया जा रहा है कि इंजन को पीछे की तरफ जाना था, लेकिन वह आगे बढ़ गया। इसी दौरान वह वंदे भारत के रेक के बगल से रगड़ता हुआ निकल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने वंदे भारत के रेक को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर खड़ा कराया। इसके बाद उसकी जांच की गई। स्थिति सामान्य मिलने पर ट्रेन को निर्धारित समय पर लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया। इस मामले में स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने बताया कि उन्हें फिलहाल इस घटना की जानकारी नहीं है। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से इस बारे में जानकारी ली जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर रेलवे की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।