महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर 840 किलो कद्दू के बीज बरामद, झाड़ियों में छिपाकर रखी गई थी 21 बोरियां

    14-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं। इसके बावजूद तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में एसएसबी पथलहवा के जवानों ने तिलबारी गांव के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई कद्दू के बीज की 21 बोरियां बरामद की हैं। इनका कुल वजन 840 किलोग्राम बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।


इसी दौरान एसएसबी पथलहवा के जवानों को सूचना मिली कि नेपाल की तरफ से कद्दू के बीज की खेप लाकर कनमिसवा टोला के पास तिलबारी गांव के नजदीक झाड़ियों में छिपाई गई है। सूचना मिलते ही एसी संदीप सिंह के नेतृत्व में एसएसबी की टीम ने कार्रवाई शुरू की। जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 497/1 के पास तलाशी अभियान चलाया। नो मेंस लैंड से करीब 200 मीटर दूर तिलबारी गांव के पास झाड़ियों की जांच की गई।


21 बोरियों में मिला 840 किलो कद्दू का बीज

तलाशी के दौरान जवानों को झाड़ियों में प्लास्टिक की बोरियां दिखाई दीं। जांच करने पर उनमें कद्दू का बीज भरा मिला। टीम ने मौके से कुल 21 बोरियां बरामद कीं। प्रत्येक बोरी का वजन करीब 40 किलोग्राम था। इस तरह बरामद बीज का कुल वजन 840 किलोग्राम निकला। एसएसबी ने जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद कद्दू के बीज को कस्टम कार्यालय निचलौल को सौंप दिया।


कस्टम अधीक्षक निचलौल संजीव कुमार ने बताया कि एसएसबी पथलहवा की टीम ने नो मेंस लैंड और हवा क्षेत्र से कद्दू के बीज की खेप पकड़ी है। बरामद सामान कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर लगातार हो रही ऐसी बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और अभियान चला रही हैं।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।