महराजगंज: निचलौल में लगाए गए पंचवटी और हरिशंकरी के पौधे, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश

    14-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले के निचलौल क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। महामना मदन मोहन मालवीय मिशन के तहत सरस्वती ज्ञान मंदिर, मिश्रा नगर बैठवलिया के परिसर में पंचवटी और हरिशंकरी प्रजाति के पौधे लगाए गए। इस दौरान लोगों को पर्यावरण बचाने और पौधों की देखभाल करने की जिम्मेदारी भी दिलाई गई। यह कार्यक्रम महामना मालवीय मिशन, सीमा जागरण मंच, रूल ऑफ ला सोसाइटी समिति और गायत्री परिवार की ओर से सीमावर्ती इलाकों में चलाया जा रहा है।


इस अभियान के तहत गांवों और शिक्षण संस्थानों में जन चौपाल लगाई जा रही है। इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, खरीद-बिक्री और सेवन के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा करने की शपथ भी दिलाई गई।


धरती और प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में सोमेश वर्धन सिंह एडवोकेट और संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि जिस मां ने हमें जन्म दिया और जिस धरती पर हमने जीवन पाया, उसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमें प्रकृति के प्रति अपना कर्तव्य समझना चाहिए और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए आगे आना चाहिए।


उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस मौके पर सीमा जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सत्यदेव, संघ विचारक स्वात रंजन, जितेंद्र पाल सिंह, उमाशंकर पाल, दुष्यंत सिंह, वन रेंजर सुनील राव सहित वन विभाग के कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए लोगों को पर्यावरण बचाने, नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।




आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।