
महराजगंज। निचलौल थाना में दीपावली की रात हुए हेड मोहर्रिर विशाल सिंह से जुड़े मामले की जांच शुरू हो गई है। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सीओ सदर अंकुर गौतम को सौंपी गई है। जांच अधिकारी अब मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज करेंगे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 1 नवंबर को एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निचलौल कस्बे की एक दुकान में रखे पटाखों की खेप पकड़ी थी। इसके बाद पटाखों को जब्त कर निचलौल थाने में रखा गया था। इस कार्रवाई के बाद जब्त पटाखों को लेकर थाने में विवाद होने की बात सामने आई। चर्चा है कि कुछ पटाखे प्रभावशाली लोगों के दबाव में छोड़ दिए गए थे। वहीं, बाकी पटाखों को भी कुछ लोगों में बांटने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन बातों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हेड मोहर्रिर ने लगाए थे गंभीर आरोप
बताया जा रहा है कि पटाखों को लेकर हुए विवाद के बाद दीपावली की रात थाने में तनाव की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान हेड मोहर्रिर विशाल सिंह ने एक पत्र लिखकर थानाध्यक्ष, सिसवा विधायक समेत कुछ अन्य लोगों पर आरोप लगाए थे। उन्होंने यह पत्र अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर भी साझा किया था। इसके बाद उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें रात में ही निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच सीओ सदर अंकुर गौतम को सौंपी गई है। जांच के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों और अन्य पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही पटाखों की बरामदगी, जब्ती और बाद में उन्हें छोड़े जाने से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी। फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की असल स्थिति साफ हो सकेगी।