
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में अब हर जिले की खास कला और लोक संस्कृति को नई पहचान दिलाने की तैयारी है। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ODOC) की तर्ज पर अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह 'धरोहर' में यह बात कही। गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जिले की अपनी अलग कला और सांस्कृतिक पहचान है। इन कलाओं को आगे बढ़ाने और स्थानीय कलाकारों को मंच देने की जरूरत है। उन्होंने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों को इस दिशा में प्राथमिकता से काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह ओडीओपी के जरिए प्रदेश के खास उत्पादों को पहचान मिली है, उसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट के माध्यम से हर जिले की पारंपरिक कला को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई ऐसी लोककलाएं हैं, जो धीरे-धीरे लोगों की यादों से दूर होती जा रही हैं। इन्हें बचाने के लिए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देना जरूरी है। इससे नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ सकेगी।
AI और तकनीक अपनाएं, लेकिन अपनी संस्कृति न भूलें युवा
युवा कलाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का है। युवाओं को इनका इस्तेमाल करके अपनी कला को देश-दुनिया तक पहुंचाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाते समय अपनी मिट्टी, लोकगीत, पारंपरिक धुन और गुरु-शिष्य परंपरा को नहीं भूलना चाहिए। तकनीक का इस्तेमाल आगे बढ़ने के लिए होना चाहिए, न कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से दूर होने के लिए। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि अकादमी में खाली पदों को जल्द भरा जाए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए बोर्ड या कमेटी बनाकर चयन प्रक्रिया पूरी की जाए। जरूरत पड़ने पर उम्र सीमा में भी छूट दी जा सकती है, लेकिन पद खाली नहीं रहने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अकादमी में विचित्र वीणा, सारंगी और पखावज जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां देखकर खुशी होती है। इससे पता चलता है कि हमारी पुरानी संगीत परंपराएं आज भी जीवित हैं।
ब्रज की रासलीला से लेकर पूर्वांचल के बिरहा तक का किया जिक्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की अलग-अलग लोककलाओं और संगीत परंपराओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोककलाओं को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान बताया। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर के संगीत घरानों के योगदान को याद किया। पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर जैसी महान हस्तियों के योगदान की भी सराहना की। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने बताया कि अकादमी की स्थापना 13 नवंबर 1963 को हुई थी। यह संस्था संगीत, नृत्य, नाटक और लोककलाओं को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों की सुविधाएं बढ़ाने और खाली पदों को भरने की जरूरत बताई। साथ ही अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान वंदे मातरम् का गायन हुआ और संगीत नाटक अकादमी के 63 साल के सफर पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी भी देखी। कार्यक्रम में प्रतियोगिता के विजेता कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का ध्यान खींचा। शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी बजाई।
इस मौके पर लोकगायिका मालिनी अवस्थी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, प्रोफेसर जयंत खोत, विभा सिंह, अमृत अभिजात, रवि शंकर त्रिपाठी, गिरीश चंद्र मिश्र, मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर और राजकुमार सहित कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की लोककलाओं को बचाने, कलाकारों को आगे बढ़ाने और हर जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई जगह दिलाने पर जोर दिया।