
महराजगंज। फरेंदा क्षेत्र के आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब अधिकारी विश्रामालय में एक रेलवे कर्मचारी का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान भद्रसेन गिरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रेलवे विभाग में माली के पद पर कार्यरत थे।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे विभाग में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर फरेंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन के अधिकारी विश्रामालय में कर्मचारी का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल कर्मचारी की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, रिश्तेदार ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मृतक के एक रिश्तेदार ने प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे कर्मचारी की मौत की असली वजह सामने आ सके।