
महराजगंज। जिले के नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने साफ कहा है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। योजनाओं को लागू करने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार सभी सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक समय से पहुंचाया जाएगा। इसके लिए योजनाओं के कामकाज पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका फायदा वास्तव में आम लोगों को मिले।
डीएम ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा। जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए बेवजह परेशान न होना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि लोगों की समस्याओं का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए और हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
नवागत जिलाधिकारी ने आगामी जनगणना को लेकर भी अपनी प्राथमिकता बताई। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य पूरी तैयारी और व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा, ताकि यह काम सही ढंग से पूरा हो सके। डीएम के इस बयान से साफ है कि जिले में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जनशिकायतों के निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहेगा।