
महराजगंज/नौतनवा। सिख धर्म के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव को लेकर नौतनवा में धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। सोमवार सुबह सिख समुदाय के लोगों ने नगर में प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान श्रद्धालु ‘तीन सौ साल गुरु दे नाल’ और ‘वाहेगुरु-वाहेगुरु’ का जाप करते हुए गुरबाणी और शबद कीर्तन करते नजर आए। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
प्रभात फेरी नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से शुरू हुई। यहां से श्रद्धालु जायसवाल मोहल्ला, हनुमान चौक, काली मंदिर रोड और पुरानी नौतनवा होते हुए स्टेशन चौराहे पहुंचे। इसके बाद घंटाघर और अस्पताल चौराहे से होते हुए प्रभात फेरी वापस गुरुद्वारे पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग शामिल हुए और गुरु नानक देव जी का गुणगान किया। स्टेशन चौराहे पर प्रभात फेरी पहुंचने पर भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने अपने कैंप पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और उनका आशीर्वाद लिया।
नौ दिनों तक अलग-अलग मोहल्लों में निकलेगी प्रभात फेरी
सिख समुदाय के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव से पहले नगर में प्रभात फेरी निकालने की परंपरा है। इसी के तहत लगातार नौ दिनों तक नगर के अलग-अलग मोहल्लों और रास्तों पर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर तक यह कार्यक्रम जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को खालसा मार्च और 22 नवंबर को नगर कीर्तन निकाला जाएगा। वहीं, 23 नवंबर को बाईपास स्थित गुरुद्वारे में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 24 नवंबर को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में प्रकाशोत्सव का मुख्य कार्यक्रम होगा। इसमें शबद कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
प्रभात फेरी में परमजीत सिंह उर्फ बॉबी, गुरचरण सिंह, सरदार सनी सिंह, सतपाल बिंदी सिंह, सुरजीत सिंह, सरदार कुलदीप सिंह, अजीत सिंह, सरदार बलजीत सिंह, सतनाम सिंह, चन्ने सिंह, सरदार पम्मे सिंह, कवलजीत कौर, सिमरन, अस्मित कौर किशन, रविन्द्र सिंह, अमरीक सिंह, रविन्द्र कौर, राजेन्द्र कौर, शरण कौर, मीणा कौर, हरप्रीत कौर, आनंद मिश्रा, किशन मद्धेशिया, करन गुप्ता, शत्रुघ्न जायसवाल और नागेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।