
महराजगंज। सोनौली कोतवाली क्षेत्र में नौतनवा-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा रतनपुर ब्लॉक के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि एक 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सोनौली कोतवाली क्षेत्र के परसासुमाली गांव के टोला परसा निवासी राजेंद्र साहनी का 20 वर्षीय इकलौता बेटा सोमवार सुबह बाइक से मिश्रवलिया की तरफ जा रहा था। अभी वह मिश्रवलिया पहुंचने ही वाला था कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में घायल युवक और युवती को इलाज के लिए रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। घायलों की पहचान परसामलिक थाना क्षेत्र के निपनिया गांव निवासी सुधीर चौधरी (20), पुत्र रामाज्ञा चौधरी और नौतनवा निवासी ममता (18), पुत्री कौशिल्या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में दोनों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।