
महराजगंज। जिले के ग्रामीण इलाकों में जर्जर पुलों की समस्या जल्द दूर होने वाली है। शासन ने जिले में नौ पुराने और खराब पुलों की जगह नए पुल बनाने के लिए 11.88 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का लक्ष्य है कि इसी वित्तीय वर्ष में सभी पुलों का निर्माण पूरा करा लिया जाए। इनमें सबसे ज्यादा 3.92 करोड़ रुपये बगहवां बाबा स्थान के पास मौन नाला पर बनने वाले पुल के लिए मंजूर किए गए हैं। वहीं, सबसे कम 41.32 लाख रुपये चटिया-करजहा मार्ग पर बनने वाले पुल के लिए स्वीकृत हुए हैं।
इसके अलावा रामगढ़वा-भरगाई टोला के झरही नाला पर पुल बनाने के लिए 1.53 करोड़ रुपये और परतावल-पुरैना मार्ग पर पुराने पुल की जगह नया पुल बनाने के लिए भी 1.53 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। CSTN स्थित जर्जर पुल की जगह नई पुलिया बनाने के लिए 1.56 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह परासखाड़-लेजार महदेवा मार्ग पर पुल निर्माण के लिए 92.34 लाख रुपये, सोहगीबरवा-बभनवां टोला मार्ग पर 97.10 लाख रुपये, सोहगीबरवा संपर्क मार्ग पर 46.48 लाख रुपये और चौपरिया-बांसपार मार्ग पर 57.42 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
नए पुल बनने से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। साथ ही बरसात के दिनों में जर्जर पुलों के कारण होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा ने बताया कि पुलों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।