महराजगंज। फरेंदा नगर पंचायत आनंद नगर में रानी सती दादी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरा इलाका दादी जी के जयकारों से गूंज उठा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष और युवा बढ़-चढ़कर शामिल हुए।
सभी श्रद्धालु पूरे रास्ते दादी जी के जयकारे लगाते रहे। इस दौरान माहौल भक्तिमय बना रहा। आपको बता दें कि रानी सती दादी को श्रद्धालु दादी जी और नारायणी बाई के नाम से भी जानते हैं। खासकर मारवाड़ी समाज में उनकी विशेष मान्यता है। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में रानी सती दादी का प्रसिद्ध मंदिर है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। मारवाड़ी समाज के लोग रानी सती दादी को अपनी आराध्य देवी मानते हैं।
श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के लिए उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। आयोजकों ने बताया कि इस शोभायात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था और पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ाना है। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।