महराजगंज: शादी में लगाए गए लोहे के पाइप में उतरा करंट, तीन बच्चे झुलसे

    17-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। सिसवा बाजार के कोठीभार थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे बिजली के करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया। वहां एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, बरियारपुर गांव निवासी शहाबुद्दीन पुत्र अली के घर उनकी बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी में बड़ी गाड़ियों को रास्ते से गुजरने से रोकने के लिए टेंट का लोहे का पाइप लगाकर रास्ता बंद किया गया था।


मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद साहिल (12), चांद (13) पुत्र मुसाफिर और आशीष (15) पुत्र उमेश घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में लगा लोहे का पाइप हटाने के लिए तीनों बच्चे पहुंचे। पाइप हटाते समय वह पास में लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गया। इससे लोहे के पाइप में करंट उतर आया और तीनों बच्चे उसकी चपेट में आकर झुलस गए।


बच्चों के करंट की चपेट में आने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चांद की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं, साहिल और आशीष का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। सभी घायल बच्चों का इलाज चल रहा है। गांव में शांति व्यवस्था सामान्य है। इस हादसे के बाद गांव में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।