
महराजगंज। नगर पंचायत घुघली में कूड़ादान खरीद के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में तत्कालीन एडीएम और एसडीएम समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच में कई नई बातें सामने आ रही हैं। शुरुआती जांच में कूड़ादानों की खरीद के दौरान नियमों का पालन नहीं करने के आरोप लगे हैं।
मामले की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) के वाराणसी सेक्टर को सौंप दी गई है। इसके बाद जिले की दूसरी नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। जांच का दायरा बढ़ने पर दूसरे नगर निकायों में हुई खरीद की भी जांच हो सकती है। शुरुआती जांच के मुताबिक, नगर पंचायत घुघली ने 200 कूड़ादानों की खरीद के लिए 24 अगस्त 2018 को अल्पकालीन निविदा (टेंडर) की सूचना जारी की थी। इसका प्रकाशन 26 अगस्त 2018 को कराया गया। इसके महज चार दिन बाद यानी एक सितंबर 2018 को टेंडर खोल दिया गया।
इस खरीद प्रक्रिया में तीन फर्मों ने हिस्सा लिया था। इनमें मेसर्स सौरभ एग्रो केमिकल्स, शिवपुरी कूड़ाघाट गोरखपुर, मेसर्स नारायण एग्रो केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स, मोहद्दीपुर गोरखपुर और मेसर्स सिंह एग्रो केमिकल्स, देवरिया शामिल थीं। टेंडर में सबसे कम कीमत लगाने के आधार पर मेसर्स सौरभ एग्रो केमिकल्स को 200 कूड़ादानों की आपूर्ति का आदेश दिया गया था।
अब जांच एजेंसी इस पूरी खरीद प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि टेंडर जारी करने से लेकर फर्म को आपूर्ति का आदेश देने तक सभी नियमों का पालन किया गया था या नहीं। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही जिले के अन्य नगर निकायों में भी हुई खरीद पर सवाल उठने लगे हैं।