
बॉलीवुड। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को देखने के लिए दूसरे हफ्ते में भी बड़ी संख्या में दर्शक सिनेमाघरों में पहुंच रहे हैं। वीकडेज में भी फिल्म की कमाई अच्छी बनी हुई है। हालांकि दूसरे सोमवार को कमाई में गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने अच्छी कमाई की। रणबीर कपूर की इस फिल्म ने पहले हफ्ते में ही 564.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसके बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी रहा।
12 दिनों में भारत में कितनी हुई कमाई?
फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो दूसरे शुक्रवार यानी 9वें दिन 'रामायण' ने 48.10 करोड़ रुपये कमाए। वहीं 10वें दिन फिल्म का कलेक्शन 72.90 करोड़ रुपये रहा। दूसरे रविवार यानी 11वें दिन फिल्म ने 75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट आई। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 12वें दिन फिल्म ने 32 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 792.60 करोड़ रुपये बताई गई।
फिल्म के दूसरे मंगलवार यानी 13वें दिन के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ गए हैं। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' ने 13वें दिन दोपहर 2:30 बजे तक 7.87 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। फिल्म की रफ्तार को देखते हुए इसके भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो फिल्म के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी।
'रामायण' सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी शानदार कमाई कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 12वें दिन विदेशों में करीब 20 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही इसका कुल ओवरसीज कलेक्शन 490 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 1,437.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस तरह फिल्म ने महज 12 दिनों में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1,400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई से साफ है कि दर्शकों के बीच इसका क्रेज बना हुआ है। अब सभी की नजरें इसके आने वाले दिनों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर टिकी हैं।