
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के लोगों को बिजली बिल से राहत देने के लिए योगी सरकार ने बड़ी तैयारी की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के 5 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके लिए करीब 3,750 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है।
इस योजना के तहत प्रदेश में करीब 750 मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्ताव के अनुसार, 5 लाख घरों में से आधे घरों पर 1 किलोवाट और बाकी आधे घरों पर 2 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
केंद्र और राज्य सरकार मिलकर देंगी सहायता
इस परियोजना पर करीब 3,750 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की ओर से आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव है। योजना को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL), बिजली वितरण कंपनियों और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) के सहयोग से लागू किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस योजना से लाखों परिवारों को बिजली बिल में बचत होगी। साथ ही लोग अपने घरों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे बिजली की पारंपरिक खपत कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में अब तक कुल 9,62,866 घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। सरकार के अनुसार, यह लोगों में सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ते रुझान और विभागों के प्रयासों का नतीजा है।
31 मार्च 2027 तक कर सकते हैं आवेदन
सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने के लिए 31 मार्च 2027 से पहले आवेदन करें। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलाकर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है।
इसके लिए उपभोक्ता आधिकारिक पीएम सूर्य घर पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सोलर पैनल लगवाने से घरों में बिजली बिल का खर्च कम होगा और लोग स्वच्छ ऊर्जा का लाभ उठा सकेंगे।