
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने PDA रथयात्रा निकाली और जनसभा को संबोधित किया।
अखिलेश यादव की यह यात्रा गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू हुई। इसके बाद रथयात्रा नंदा नगर और गुरुंग तिराहे से होते हुए चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
विनय कुमार सिंह 'बिन्नू' को दी श्रद्धांजलि
देवकही गांव पहुंचने पर अखिलेश यादव ने विनय कुमार सिंह 'बिन्नू' के स्मृति दिवस पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आज चुनाव हो जाए तो काशी में भाजपा का डबल जीरो होगा और गोरखपुर में भी पार्टी को करारा जवाब मिलेगा।
अखिलेश यादव की रथयात्रा को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। अपने नेता की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जुटे। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में समाजवादी पार्टी के झंडे लेकर नारे लगाते नजर आए। पूरे रास्ते पार्टी समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
रैली में मौजूद रहे सपा प्रत्याशी डॉ. राजेश यादव
इस महासम्मेलन और पदयात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. राजेश यादव भी मौजूद रहे। इस मौके पर अपना महराजगंज की पत्रकार उमा सक्सेना ने उनसे रैली को लेकर बातचीत की और कार्यक्रम से जुड़े कई सवाल पूछे। बातचीत के दौरान डॉ. राजेश यादव ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य PDA रथयात्रा निकालना, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर रहना चाहिए और आपसी भाईचारे व एकता को बनाए रखना चाहिए।
यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने PDA को लेकर नारा दिया। उन्होंने कहा, "गोरखपुर की ये पुकार, अहंकार की होगी हार, PDA की यही पुकार, इस बार अपनी सरकार।"
सपा की इस रथयात्रा को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी इस क्षेत्र में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को किस तरह आगे बढ़ाती है।