
महराजगंज। धानी ब्लॉक के बेलसर गांव में चल रही 14 दिवसीय किसान खेत पाठशाला का मंगलवार को समापन हो गया। इस दौरान किसानों को फसलों को कीट और बीमारियों से बचाने के आसान तरीके बताए गए। साथ ही खेती में कम से कम रासायनिक कीटनाशकों का इस्तेमाल करने और जैविक तरीकों को अपनाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में केंद्र के सहायक निदेशक डॉ. आर. सिंथिल ने किसानों को बताया कि फसलों में लगने वाले कीटों और बीमारियों की समय रहते पहचान करना बहुत जरूरी है। अगर शुरुआत में ही इनकी पहचान हो जाए तो फसल को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है। पाठशाला के दौरान किसानों को एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन (IPM) के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि खेती करते समय खेतों की नियमित निगरानी करनी चाहिए, ताकि फसलों में लगने वाले कीट और रोग समय रहते पकड़ में आ सकें।
इसके अलावा मित्र कीटों को बचाने, जैविक तरीकों से कीटों पर नियंत्रण करने और जरूरत पड़ने पर यांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल करने के बारे में भी बताया गया।
किसानों को फेरोमोन ट्रैप और पीले व नीले चिपचिपे ट्रैप लगाने का तरीका भी समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इनका इस्तेमाल करके फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कई कीटों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
जरूरत पड़ने पर ही करें कीटनाशकों का इस्तेमाल
अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी कि खेतों में बिना जरूरत रासायनिक कीटनाशकों का इस्तेमाल न करें। कीटनाशकों का प्रयोग तभी करें, जब इसकी जरूरत हो। साथ ही छिड़काव करते समय सुरक्षा के नियमों का भी ध्यान रखें।
इससे खेती की लागत कम करने और फसलों को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम के समापन पर किसानों को आईपीएम किट भी वितरित की गई। अधिकारियों ने किट में मौजूद उपकरणों और अन्य सामान के इस्तेमाल का तरीका समझाया, ताकि किसान खेतों में इनका सही तरीके से उपयोग कर सकें। इस मौके पर सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी अवधेश कुमार सिंह, रत्नेश कुमार मिश्रा, जीसीएम जेपी सिंह, परियोजना कर्मचारी एके पांडेय, सोहन द्विवेदी समेत चयनित किसान मौजूद रहे।