महराजगंज में डीजे का शोर बना विवाद की वजह, बैसार में बुजुर्ग की मौत तो निचलौल में हुआ पथराव

    18-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। शादी हो या धार्मिक कार्यक्रम, जुलूस हो या पूजा-पंडाल, डीजे की तेज आवाज अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। जिले में पिछले कुछ महीनों में डीजे बजाने और उसकी गाड़ी आगे निकालने को लेकर कई विवाद सामने आए हैं। कहीं तेज आवाज से परेशान लोगों ने शिकायत की तो कहीं डीजे की आवाज बढ़ाने और आगे निकलने की होड़ में मारपीट तक हो गई।


बृजमनगंज के बैसार गांव में डीजे को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, निचलौल में प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे को लेकर हुए विवाद में पथराव हुआ, जिसमें थाना प्रभारी समेत कई लोग घायल हो गए। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने डीजे की तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बैसार गांव का है। 16 नवंबर को छठ पूजा के दौरान डीजे की गाड़ी आगे निकालने और तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।


परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट में श्रीकृष्ण गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। धार्मिक आयोजन के दौरान शुरू हुआ यह विवाद एक बुजुर्ग की मौत की वजह बन गया।


निचलौल में डीजे की आवाज को लेकर हुआ पथराव

इससे पहले 9 नवंबर को निचलौल कस्बे में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान भी डीजे को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि डीजे की आवाज बढ़ाने को लेकर दो पक्षों के युवकों में पहले कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव होने लगा। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय समेत कई लोग घायल हो गए थे।


इस मामले में पुलिस ने दो डीजे संचालकों और दो आयोजकों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार ने नियम बनाए हैं। इसके तहत अलग-अलग इलाकों में आवाज की सीमा तय की गई है।


आवासीय क्षेत्र: दिन में अधिकतम 55 डेसिबल और रात में 45 डेसिबल।

व्यावसायिक क्षेत्र: दिन में 65 डेसिबल और रात में 55 डेसिबल।

शांत क्षेत्र: दिन में 50 डेसिबल और रात में 40 डेसिबल।

इसके अलावा लाउडस्पीकर और सार्वजनिक जगहों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने के लिए लिखित अनुमति लेना जरूरी है। सामान्य नियम के मुताबिक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहती है।


जिले में डीजे को लेकर लगातार हो रहे विवादों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर नियमों के बावजूद तेज आवाज पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है। शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों में डीजे बजाने के दौरान तय आवाज की सीमा और समय का पालन कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। अगर समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो मनोरंजन के लिए बजने वाला डीजे लोगों के बीच विवाद और झगड़े की वजह बनता रहेगा।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।