
महराजगंज। सदर तहसील में नवागत तहसीलदार मयंक मिश्रा ने अधिकारियों के साथ तहसील परिसर और अलग-अलग कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान सदर न्यायिक तहसीलदार ऋषभ सिंह और सदर नायब तहसीलदार सुमित कुमार यादव भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तहसील के अलग-अलग पटलों पर जाकर कामकाज की जानकारी ली। साथ ही सरकारी अभिलेखों और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि राजस्व से जुड़े मामलों का समय पर और सही तरीके से निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में लंबे समय से कार्रवाई बाकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि तहसील में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और नियमों के अनुसार उनका समाधान किया जाए।अधिकारियों ने कर्मचारियों से कहा कि तहसील में आने वाले आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएं, ताकि लोगों को सरकारी कामकाज के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। इसके अलावा तहसील परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सरकारी अभिलेखों को सही तरीके से व्यवस्थित रखने के भी निर्देश दिए गए।