
महराजगंज। युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और चुनाव से जुड़ी जानकारी देने के लिए महराजगंज के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए निर्वाचन विभाग ने कार्यक्रम तय कर दिया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर शिक्षा विभाग और स्वीप के नोडल अधिकारी की देखरेख में ये प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें सदर, पनियरा, सिसवा, निचलौल और फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। सभी जगह प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से शुरू होगी। वहीं, 19 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, धनेवा-धनेई, महराजगंज में सुबह 11 बजे से होगा।
निबंध के लिए रखे गए हैं दो विषय
प्रतियोगिता में निबंध लिखने के लिए दो विषय तय किए गए हैं। इनमें पहला विषय 'शुद्ध मतदाता सूची का महत्व' और दूसरा 'मतदान का महत्व' है। निबंध लिखने के लिए विद्यार्थियों को अलग-अलग शब्द सीमा दी गई है।
स्कूल स्तर के विद्यार्थियों को 500 से 800 शब्दों में निबंध लिखना होगा।
कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों को 800 से 1200 शब्दों में निबंध लिखना होगा।
प्रतिभागी हिंदी या अंग्रेजी किसी भी भाषा में निबंध लिख सकते हैं।
EVM और वोटर लिस्ट से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे
निबंध प्रतियोगिता के साथ प्रश्नोत्तरी यानी क्विज प्रतियोगिता भी होगी। इसमें विद्यार्थियों से चुनाव और मतदान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। सवालों में मतदाता सूची कैसे तैयार होती है, EVM और VVPAT कैसे काम करते हैं, मतदान कैसे कराया जाता है और वोटों की गिनती किस तरह होती है, जैसे विषय शामिल होंगे। अधिकारियों ने संबंधित स्कूलों और कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे अपने यहां के विद्यार्थियों की प्रतियोगिता में समय से भागीदारी सुनिश्चित कराएं। इसके लिए समन्वय अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र की अहमियत समझाना और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि आने वाले समय में वे जिम्मेदार मतदाता बन सकें।