महराजगंज। जिले के पांच हजार युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरित किए जाएंगे। योजना के वितरण अभियान का शुभारंभ 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर मंडल मुख्यालय से करेंगे।
इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण महराजगंज में भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से जनपद स्तर पर टैबलेट वितरण की शुरुआत होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक के मुताबिक, योजना के लिए युवा साथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके तहत उच्च शिक्षा, तकनीकी, व्यावसायिक, चिकित्सा और प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
इनमें स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, स्किल डेवलपमेंट, पैरामेडिकल और नर्सिंग के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना और निर्धारित पाठ्यक्रम में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।
जिले को योजना के तहत पांच हजार टैबलेट प्राप्त हो चुके हैं।
इनके वितरण से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और शैक्षणिक डिजिटल सामग्री तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। योजना का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाना है।
क्यूंकि युवा ही देश का भविष्य है।