
महराजगंज। डीएम शिवशरणप्पा जी.एन. ने गुरुवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, आयुष्मान काउंटर, महिला अस्पताल, पीआईसीयू, एसएनसीयू और ट्रामा सेंटर का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम सबसे पहले ओपीडी के मेडिसिन विभाग पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने 40 मरीजों को परामर्श दिया था। बाल रोग विभाग में डॉ. राकेश रमन के कक्ष में 35 मरीज मिले। इसके बाद उन्होंने दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दवा देने की व्यवस्था देखी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी की जानकारी ली।
डीएम ने पीआईसीयू और एसएनसीयू वार्ड का भी निरीक्षण किया। पीआईसीयू में 20 बच्चे और एसएनसीयू में 36 बच्चे भर्ती मिले। दोनों वार्डों में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे। एसएनसीयू में भर्ती कम वजन वाले दो नवजात बच्चों की सेहत के बारे में डीएम ने सीएमओ से जानकारी ली। उन्होंने दोनों बच्चों का बेहतर इलाज करने और उनकी विशेष देखभाल करने के निर्देश दिए।
रैन बसेरे को ठंड से बचाव के लिए बंद कराने का निर्देश
अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए डीएम ने ठंड को देखते हुए उसके खुले हिस्से को तत्काल बंद कराने को कहा। उन्होंने कहा कि रैन बसेरे में रुकने वाले जरूरतमंदों और मरीजों के तीमारदारों को ठंड से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं।
एमसीएच विंग स्थित महिला अस्पताल के लेबर रूम में निरीक्षण के दौरान आठ मरीज भर्ती मिले। डीएम ने जननी सुरक्षा योजना के तहत सभी पात्र महिलाओं को शत-प्रतिशत भुगतान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। ऐसे में शाम और रात की ड्यूटी में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
डीएम शिवशरणप्पा जी.एन. ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को अच्छा इलाज, जरूरी दवाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाएं। मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।