
महराजगंज। डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने गुरुवार को नवीन मंडी महराजगंज में चल रहे धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की स्थिति देखी और केंद्र प्रभारियों को खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने साफ कहा कि धान बेचने आने वाले किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। खासकर छोटे किसानों को धान की तौल में प्राथमिकता दी जाए। अगर किसी किसान की शिकायत मिली तो जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
डीएम ने खाद्य विभाग की विपणन शाखा के महराजगंज प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ क्रय केंद्र के साथ नेफेड के केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर खरीद की व्यवस्था और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग के महराजगंज प्रथम केंद्र पर अमरूतियां निवासी किसान अम्बरीश कुमार पटेल का करीब 42 क्विंटल धान तौला जा रहा था। डीएम ने खुद तौल की प्रक्रिया देखी और किसान से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें। सभी प्रभारी रोज तय समय पर केंद्रों पर मौजूद रहें और ज्यादा से ज्यादा किसानों से धान खरीद करें। डीएम ने कहा कि केंद्रों पर खरीदे गए धान का उठान समय से कराया जाए और उसे संबंधित राइस मिलों तक पहुंचाया जाए। इससे केंद्रों पर धान जमा नहीं होगा और नए किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने केंद्रों पर पर्याप्त बोरों की व्यवस्था रखने, किसानों का जल्द सत्यापन कराने और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चलाने के निर्देश भी दिए। डीएम ने किसानों से खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल या यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि धान का समर्थन मूल्य सीधे बैंक खाते में पाने के लिए किसानों को अपना बैंक खाता आधार से लिंक कराना होगा। इसके साथ ही बैंक खाते की एनपीसीआई मैपिंग भी जरूर करा लें। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।