
महराजगंज। जिले में मकानों और छतों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। कोठीभार थाना क्षेत्र के कौमा गांव में करंट लगने से पति-पत्नी की मौत के बाद लोगों में डर बढ़ गया है। हालत यह है कि कई परिवारों ने छत पर जाने से ही दूरी बना ली है। कुछ लोगों ने तो छत पर जाने वाले दरवाजों में ताला तक लगा दिया है। लोगों को डर है कि कहीं उनके साथ भी कोई हादसा न हो जाए।
जिले में 11 नगर निकाय हैं। इनमें कई जगहों पर मकानों की छतों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ मकानों की दीवारों के बिल्कुल पास से भी बिजली के तार निकल रहे हैं। इन तारों को हटवाने के लिए लोगों ने कई बार बिजली विभाग में शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। हाल ही में कौमा गांव में रामअधार और उनकी पत्नी पुष्पा की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। बताया गया कि दोनों छत से झालर उतार रहे थे। इस घटना के बाद जिले के अलग-अलग नगर निकायों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
दीवार से सटकर गुजर रहा 33 हजार वोल्ट का तार
नगर पालिका परिषद महराजगंज के हमीदनगर निवासी एक दुकानदार ने बताया कि उनके मकान की दीवार से सटकर 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही है। तारों से आने वाली आवाज के कारण परिवार के लोग हमेशा डरे रहते हैं। कौमा की घटना के बाद डर और बढ़ गया है। अब परिवार ने छत पर जाने वाले दरवाजे में ताला लगा दिया है।
शिवनगर निवासी राहुल पटेल और शिवांश तिवारी, गांधीनगर वार्ड के रमेश जायसवाल और पूरन विश्वकर्मा तथा आजादनगर निवासी जयप्रकाश गुप्ता का कहना है कि मकानों के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तारों के कारण हर समय हादसे का डर बना रहता है। कौमा की घटना के बाद परिवार के लोग सहम गए हैं और छत पर जाना भी छोड़ दिया है। नगर पंचायत निचलौल के कृष्णानगर वार्ड में मोहम्मद मुस्तकीम और विद्या अग्रहरी के मकानों की छत के ऊपर से भी हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। यहां भी लोग हादसे की आशंका से डरे हुए हैं।
यही स्थिति नगर पालिका परिषद सिसवा, नौतनवा और नगर पंचायत सोनौली, बृजमनगंज, फरेंदा, पनियरा, परतावल, चौक बाजार और घुघली में भी देखने को मिल रही है। कई जगहों पर मकानों की छतों और दीवारों के पास से बिजली के तार गुजर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब तक इन तारों को सुरक्षित जगह पर नहीं हटाया जाएगा, तब तक हादसे का खतरा बना रहेगा। अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल महराजगंज इंजी. राकेश मोहन ने बताया कि बिजली लाइन बिछाने के बाद कई मकान मालिकों ने विभाग की जानकारी के बिना ही उसके नीचे मकान बना लिए हैं। ऐसा करना गलत है। बिजली के तारों के नीचे मकान नहीं बनाया जा सकता।
उन्होंने बताया कि हाईटेंशन तार को दूसरी जगह शिफ्ट कराने के लिए संबंधित व्यक्ति को बिजली विभाग में आवेदन देना होगा। इसके साथ तार शिफ्ट करने के लिए जगह उपलब्ध करानी होगी और विभाग की ओर से तय स्टीमेट की रकम जमा करनी होगी। इसके बाद विभाग की ओर से तार शिफ्ट करने का काम कराया जाएगा।