
महराजगंज। नेपाल के गोरखा जिले के धारचे क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को करीब डेढ़ महीने बाद बड़ी राहत मिली है। यहां बिजली और मोबाइल नेटवर्क सेवा फिर से शुरू हो गई है। धारचे गांवपालिका के वार्ड नंबर एक और तीन के करीब 600 घरों में बुधवार को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके साथ ही उहिया स्थित नेपाल टेलीकॉम का मोबाइल टावर भी चालू हो गया है।
दरअसल, बूढ़ीगंडकी नदी में आई बाढ़ से बिजली की लाइनें और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके अलावा चुमनुब्री गांवपालिका के वार्ड नंबर तीन में स्थित सिर्दिबास उहिया लघु जलविद्युत परियोजना को भी काफी नुकसान पहुंचा था। इसके चलते उहिया मोबाइल टावर को बिजली मिलनी बंद हो गई थी और आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया था।
धारचे वार्ड नंबर दो के अध्यक्ष सरोज गुरुङ ने बताया कि कादुरी संस्था की मदद से बिजली व्यवस्था को ठीक कराया गया। इसके बाद उहिया मोबाइल टावर को भी चालू कर दिया गया। टावर शुरू होने से माछाखोला, खोर्ला, खोर्लाबेंसी, दुङ्ला, रुन्चेत, उम्चेत और हुल्चुक समेत आठ गांवों में मोबाइल सेवा फिर से शुरू हो गई है। इससे ग्रामीणों को फोन और जरूरी कामकाज करने में काफी राहत मिली है।
डेढ़ महीने तक सोलर लाइट के सहारे रहे ग्रामीण
बिजली और मोबाइल सेवा बंद होने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी काफी मुश्किल हो गई थी। सरकारी कामकाज भी प्रभावित हो रहा था। लोगों को फोन पर बात करने के लिए ऊंची पहाड़ियों पर जाना पड़ता था। करीब डेढ़ महीने तक ग्रामीण सोलर लाइट के सहारे अपना काम चलाने को मजबूर थे। अब बिजली और मोबाइल नेटवर्क बहाल होने से क्षेत्र के करीब 600 परिवारों ने राहत की सांस ली है।