
महारजगंज। कोल्हुई बाजार स्थित एक विद्यालय परिसर में जयगुरुदेव की ओर से भव्य आध्यात्मिक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को शाकाहार, सदाचार, नशामुक्ति और आध्यात्मिक जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में रायबरेली से पहुंचे मुख्य उपदेशक अवधेश मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए शाकाहार अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल खानपान ही नहीं, बल्कि व्यक्ति के विचारों और व्यवहार में भी शुद्धता होनी चाहिए।
उन्होंने प्रेम, दया, करुणा, परोपकार और सदाचार जैसे मानवीय गुणों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इन मूल्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने लोगों से नशे और बुरी आदतों से दूर रहकर संयमित एवं सात्विक जीवन जीने की अपील की। शिविर के दौरान सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को नैतिक मूल्यों, अच्छे आचरण और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने जीवन में अनुशासन और सद्भाव बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष शिव सहाय त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष रामनयन, तहसील अध्यक्ष राम उजागिर, सुग्रीव, रीता शर्मा, संजू गुप्ता, अंकित, प्रहलाद यादव और दूधनाथ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।