महराजगंज में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

    02-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के पहले चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की गणना करेंगे। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने लोगों से जनगणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।


जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार की मौजूदगी में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने जनगणना की तैयारियों, प्रशिक्षण और निर्धारित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। डीएम ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए जिले में 5,543 प्रगणकों और 916 पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कुल तैनात कार्मिकों में 10 प्रतिशत को आरक्षित रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी सेवाएं ली जा सकें।


उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक होने वाली स्वगणना के दौरान लोगों को निर्धारित 40 सवालों के सही जवाब दर्ज करने होंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी। इनका इस्तेमाल किसी अन्य कार्य के लिए नहीं किया जाएगा और ये आरटीआई के दायरे में भी नहीं आएंगी।


डीएम के अनुसार, जनगणना में जिले में स्थायी और अस्थायी रूप से रहने वाले सभी लोगों के साथ बेघर व्यक्तियों, हॉस्टल में रहने वालों और सशस्त्र बलों के कर्मियों की भी गणना की जाएगी। जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या होगी, वहां इसके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में निर्धारित समय पर प्रगणक नहीं पहुंचते हैं तो लोग हेल्पलाइन नंबर 1855 पर इसकी सूचना दे सकते हैं।


उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े जिले और देश के विकास की भावी योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ऐसे में सभी नागरिकों की भागीदारी और सही जानकारी उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।


फैज़ अहमद खान

फैज़ अहमद खान (Faiz Ahmad Khan) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रमुख (District Head) के पद पर कार्यरत हैं। यह जिले की संपूर्ण रिपोर्टिंग टीम का नेतृत्व करते हैं और प्रमुख प्रशासनिक, सामाजिक व प्रादेशिक समाचारों का प्रबंधन करते हैं।