
महराजगंज। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आगामी 5 नवंबर को जनपद स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय और जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें 25 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
रोजगार मेले के माध्यम से कंपनियों की ओर से 2,000 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को पद और योग्यता के अनुसार 10 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलने का अवसर मिलेगा। रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। इसके लिए आठवीं, हाईस्कूल, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और बीटेक उत्तीर्ण युवा आवेदन कर सकते हैं।
तकनीकी और गैर तकनीकी दोनों प्रकार की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि पूरी चयन प्रक्रिया निशुल्क रखी गई है। नौकरी पाने के लिए अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
रोजगार मेले से जुड़ी अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थी टोल फ्री नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला सेवायोजन कार्यालय की इस पहल से जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।