
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य की दक्षिणी चौक रेंज में रविवार को पर्यटन सत्र 2026-27 के तहत जंगल सफारी का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सदस्य अमरनाथ तिवारी और क्षेत्रीय वनाधिकारी ऋषभ नायक ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया। सफारी शुरू होने के साथ ही अब आम लोगों और पर्यटकों को अभयारण्य की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बच्चों और ग्रामीणों को सफारी जीप के माध्यम से अभयारण्य का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें जंगल में मौजूद वन्यजीवों, प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
जंगल सफारी शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय कारोबार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है। इसके साथ ही पर्यटन के माध्यम से लोगों की वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण में भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्यक्रम में वन दरोगा नित्यानंद, राहुल कुमार, अवधेश कुमार मौर्य, वन रक्षक वास्तु कुमार पांडेय और प्रदीप कुमार यादव सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।